अमृतसर एयरपोर्ट के पास देर रात दिखे 2-3 संदिग्ध ड्रोन
एयर इंडिया-इंडिगो समेत 3 उड़ानें डायवर्ट

पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के राजसांसी इलाके के पास रविवार देर रात तीन संदिग्ध ड्रोन गतिविधि सामने आई है। इसके चलते अमृतसर आने वाली तीन उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और आवश्यक जांच के बाद हवाई अड्डे का संचालन सामान्य कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने अत्यधिक ऊंचाई पर दो से तीन अज्ञात वस्तुओं को उड़ते देखा। इन वस्तुओं की गतिविधि संदिग्ध लगने पर जवानों ने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाए गए और हवाई यातायात अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ।
संदिग्ध ड्रोन गतिविधि की सूचना मिलने के बाद रात करीब 9:32 बजे अमृतसर आने वाली तीन उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट कर दिया गया। इनमें एयर इंडिया, इंडिगो और मलेशिया एयरलाइंस की उड़ानें शामिल थीं।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से अमृतसर आ रही एयर इंडिया की उड़ान एआई-855 को वापस दिल्ली भेज दिया गया। वहीं, मुंबई से अमृतसर आ रही इंडिगो की उड़ान 6ई-5028 का मार्ग बदलकर उसे चंडीगढ़ भेजा गया। कुआलालंपुर से अमृतसर आ रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच-118 को दिल्ली की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों की ओर से ड्रोन जैसी दिखने वाली वस्तुओं की प्रकृति और उनकी गतिविधियों से जुड़े हालात की जांच की जा रही है।




