बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर जालंधर में सड़कों पर उतरीं जत्थेबंदियां
कई रास्ते बंद

बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से बुलाए गए पंजाब बंद का असर जालंधर में भी देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख बाजारों में दुकानें बंद रहीं और सुबह से ही मुख्य मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। जत्थेबंदियों ने गुरु नानक मिशन चौक और रामामंडी चौक पर धरना देकर वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी लंबा जाम लग गया।
गुरु नानक मिशन चौक पर कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों ने यातायात रोककर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। जत्थेबंदियों ने जेलों में बंद बंदी सिंहों की रिहाई, जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने और 15 अगस्त को चंडीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने की मांग उठाई। जालंधर कैंट के आसपास भी कई रास्ते बंद किए गए।
रास्ते बंद होने के कारण हाईवे पर खड़े ट्रक चालकों ने अपने वाहनों के आगे अन्य वाहन खड़े कर दिए, जिससे जाम और गंभीर हो गया। जालंधर बस अड्डा भी बंद रहा। निजी स्कूलों में छुट्टी रही, जबकि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम दिखाई दी।
EDITED BY- HARLEEN KAUR




