बठिंडा में स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल
कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां फहराएंगे तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस को लेकर बठिंडा में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को होने वाले जिला स्तरीय समारोह से पहले शहीद भगत सिंह मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल करवाई गई। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में SSP डॉ. ज्योति यादव बैंस भी मौजूद रहीं। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
रिहर्सल के दौरान DC और SSP ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड में पंजाब पुलिस, पंजाब पुलिस महिला विंग, पंजाब होम गार्ड, सिविल डिफेंस के जवानों के साथ NCC, स्काउट एंड गाइड और विभिन्न स्कूलों की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके बाद स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बनाया।
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद DC राजेश धीमान ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने रिहर्सल के दौरान सामने आई कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और गंभीरता के साथ निभाएं।उन्होंने समारोह को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) कंचन, SDM अमनदीप सिंह मावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



