
इंदर सिंह गिल नगर में आवारा कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया। करीब 65 वर्षीय जरनैल कौर पर अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे कुत्ते के चंगुल से बचाया।
घायल महिला को मोगा सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते फरीदकोट रेफर किया गया। घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके के लोगों में डर और बढ़ गया है। हमले में महिला के शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाकर महिला को उसके चंगुल से बचाया। जानकारी के अनुसार, जरनैल कौर अपने मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ इलाके में पीने के पानी की समस्या को लेकर नगर निगम जाने के लिए घर से निकली थीं। वह घर से कुछ ही दूरी पर पहुंची थीं कि अचानक एक आवारा कुत्ते ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कुत्ते ने पहले महिला की कमर की तरफ हमला किया।
अपनी जान बचाने के प्रयास में जब महिला ने हाथ आगे किया तो कुत्ते ने उनके हाथ को भी काट लिया।महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाया और घायल महिला को संभाला। घटना की सूचना समाज सेवा सोसाइटी के सदस्यों को भी दी गई। सूचना मिलते ही सोसाइटी के सदस्य अपनी आपातकालीन गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और महिला को उपचार के लिए मोगा के सरकारी सिविल अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदकोट रेफर कर दिया।
डॉक्टर हरप्रीत कौर धालीवाल के अनुसार महिला को आवारा कुत्ते ने बुरी तरह काटा था और प्राथमिक उपचार के बाद उसे फरीदकोट भेजा गया। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई गई है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद बढ़ी चिंता घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कुत्ते द्वारा महिला पर हमला किए जाने की घटना दिखाई दे रही है। फुटेज सामने आने के बाद इलाके के लोगों में डर और चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के कारण राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, मोगा में हाल के समय में आवारा कुत्तों के हमले की यह तीसरी घटना बताई जा रही है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद लोगों में नगर निगम और प्रशासन के प्रति नाराजगी भी बढ़ रही है। लोगों की मांग है कि आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और संवेदनशील इलाकों में प्रभावी कदम उठाए जाएं। सिविल अस्पताल की डॉक्टर के अनुसार अस्पताल में रोजाना करीब 10 से 12 डॉग-बाइट के मामले सामने आने की बात भी सामने आई है। ऐसे में यह घटना केवल एक परिवार या एक मोहल्ले की चिंता नहीं, बल्कि शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। घटना के बाद इंदर सिंह गिल नगर के लोगों में सहम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल ध्यान दिया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य बुजुर्ग, बच्चे या राहगीर को इस तरह के हमले का शिकार न होना पड़े।



