टॉप न्यूज़

पत्नी व ससुराल पक्ष से परेशान युवक ने निगला जहर

इलाज के दौरान मौत

पत्नी और ससुराल पक्ष की ओर से कथित तौर पर परेशान किए जाने से दुखी एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। करीब 20 से 25 दिन तक उपचार चलने के बाद बठिंडा के एक अस्पताल में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने मंगलवार को मोगा-कोटकपूरा हाईवे पर धरना लगाकर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने कहा कि जब तक सभी आरोपित गिरफ्तार नहीं होते, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे और मृतक का अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा।

मृतक की पहचान आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। धरने के दौरान उसके पिता गुरदेव सिंह ने बताया कि उनके बेटे की करीब एक वर्ष पहले पायल नामक युवती से शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही कथित तौर पर ससुराल पक्ष की ओर से आकाशदीप को परेशान किया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आकाशदीप पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाया जा रहा था। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

परिजनों के अनुसार, इसी परेशानी के चलते 17 अगस्त को आकाशदीप ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। करीब 20 से 25 दिनों तक उसका उपचार चलता रहा, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और बठिंडा के अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।

डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि जहरीला पदार्थ निगलने के बाद आकाशदीप की मौत के मामले में मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर उसकी पत्नी पायल समेत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पायल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य चार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही बाकी आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक पांचों आरोपित पुलिस की गिरफ्त में नहीं आते, तब तक धरना जारी रहेगा और आकाशदीप का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!