
उत्तर भारत में जारी भारी बारिश का असर पंजाब पर भी साफ दिख रहा है। राज्य के कई जिलों में पानी भरने और नदियों के उफान से हालात बिगड़ने लगे हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पंजाब के तीन जिलों पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
गुरुवार को हुई बारिश से पंजाब के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। अमृतसर में 14 मिमी, लुधियाना में 18 मिमी, पटियाला में 1 मिमी, होशियारपुर में 62 मिमी, मोहाली में 14.5 मिमी, पठानकोट में 4 मिमी, रूपनगर में 10.5 मिमी और एसबीएस नगर में 15 मिमी बारिश हुई। राज्य का अधिकतम तापमान 3.3 डिग्री घट गया और यह सामान्य से 4.4 डिग्री कम दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम सामान्य रहने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।


