
लुधियाना के दुगरी रोड से एक बड़ी खबर सामने आई है। आपको बता दें कि यहां देर रात एक कार एक्सेसरीज़ की दुकान की तीन मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। स्थानीय दुकानदारों और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बिजली गुल होने के बाद यह हादसा हुआ, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह है कि किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है।
दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात भर की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था। दमकल कर्मियों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि इसे बुझाने में काफी समय लगा।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने रातभर रुककर इलाके को सुरक्षित करने और आग पूरी तरह बुझाने का काम किया। फिलहाल प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत है और वे लगातार अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।




