जानिए सुबह खाली पेट अंजीर खाने के फायदे

सर्दियों में स्वस्थ और ऊर्जावान रहना चाहते हैं तो सिर्फ बादाम-काजू ही काफी नहीं होते। शरीर को पोषण देने के लिए डाइट में विविध ड्राई फ्रूट्स और सीड्स शामिल करना ज़रूरी है। इन्हीं में से एक है सूखी अंजीर, जो अपने खास पोषक तत्वों और औषधीय गुणों की वजह से स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सुबह खाली पेट 2-4 अंजीर खाई जाएं, तो शरीर को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलते हैं।
खाली पेट अंजीर खाने के फायदे
अंजीर में फाइबर, आयरन, पोटेशियम, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। सुबह खाली पेट इसे खाने से पाचन तंत्र सक्रिय होता है और शरीर दिनभर ऊर्जा से भरा रहता है। जिन लोगों को कमजोरी महसूस होती रहती है, उनके लिए अंजीर प्राकृतिक ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत है। इसके फाइबर तत्व आंतों को साफ रखने में मदद करते हैं, जिससे कब्ज की समस्या में काफी राहत मिलती है।
वजन कम करने वालों के लिए भी अंजीर एक अच्छा विकल्प है। यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराती है और अनहेल्दी खाने की क्रेविंग को कम करती है। वहीं मधुमेह के मरीज भी सीमित मात्रा में यानी दिन में 1-2 अंजीर खा सकते हैं, लेकिन डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर रहता है।
अंजीर कैसे खानी चाहिए?
बहुत से लोग अंजीर को सीधे ही खा लेते हैं, लेकिन स्वास्थ्य लाभ बढ़ाने का सबसे अच्छा तरीका है कि इसे रातभर पानी में भिगोकर रखा जाए। सुबह नरम हुई अंजीर खाना आसान होता है और इसका पानी भी शरीर के लिए फायदेमंद माना जाता है। चाहें तो इसे दूध में भिगोकर या हल्का उबालकर भी खाया जा सकता है, इससे इसके पोषक तत्व और अधिक प्रभावी हो जाते हैं।
किन बीमारियों में मिलते हैं फायदे?
अंजीर का सबसे बड़ा फायदा पाचन तंत्र पर होता है। यह गैस, एसिडिटी और ब्लोटिंग जैसी समस्याओं में राहत देती है। फाइबर की अधिकता इसे पेट संबंधी परेशानी वाले लोगों के लिए खास बनाती है। पोटेशियम मौजूद होने के कारण यह हाई ब्लड प्रेशर वालों के लिए भी मददगार है। नियमित रूप से अंजीर खाने से बीपी नियंत्रित रखने में सहायता मिलती है। आयरन की अच्छी मात्रा होने के कारण यह एनीमिया के मरीजों के लिए भी लाभकारी है। वहीं कैल्शियम और विटामिन होने से यह हड्डियों को मजबूत बनाता है।
EDITED BY- HARLEEN KAUR



