टॉप न्यूज़

सुबह-शाम की हल्की ठंड, सामान्य से अधिक दर्ज हो रहा तापमान

पंजाब में इस समय मौसम पूरी तरह सूखा बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई। सुबह और देर रात हल्की ठंडक का एहसास हो रहा है, लेकिन दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी जैसी स्थिति बन रही है। कई शहरों में लोगों ने दोपहर के समय पंखों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

राज्य में गुरदासपुर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से ऊपर है। अन्य जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 4 और 6 मार्च को दो पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकते हैं, लेकिन पंजाब के मैदानी इलाकों पर इसका खास असर पड़ने की संभावना नहीं है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश या आंधी-तूफान के आसार नहीं हैं।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में स्थिरता रहने की संभावना है। लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!