
बारिश का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन इस समय कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। खासकर पेट से जुड़ी समस्याएं जैसे उल्टी, दस्त, फूड पॉइजनिंग और पेट में इंफेक्शन बारिश के दिनों में ज्यादा हो सकते हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, गंदा पानी, खराब खाना और नमी की वजह से बढ़ने वाले बैक्टीरिया और वायरस इन बीमारियों का कारण बन सकते हैं। कुछ आसान सावधानियां अपनाकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है।
साफ पानी पिएं
बारिश के मौसम में पानी दूषित हो सकता है। इसलिए हमेशा उबला हुआ, फिल्टर किया हुआ या साफ पानी ही पिएं। बाहर का पानी और खुले में मिलने वाले ड्रिंक से बचें।
ताजा खाना खाएं
मानसून में खाना जल्दी खराब हो जाता है। इसलिए हमेशा ताजा और घर का बना खाना खाएं। खुले में रखा खाना, कटे हुए फल और पुराने स्नैक्स खाने से बचें।
फल और सब्जियां धोकर खाएं
बारिश में फल और सब्जियों पर गंदगी और कीटाणु हो सकते हैं। इन्हें अच्छी तरह धोकर ही इस्तेमाल करें। कटे हुए फल और कच्चे स्प्राउट्स खाने में सावधानी रखें।
हाथ साफ रखना जरूरी
खाना खाने से पहले, खाना बनाने से पहले और बाहर से आने के बाद साबुन से हाथ जरूर धोएं। इससे संक्रमण का खतरा कम होता है।
पेट खराब होने पर क्या करें?
उल्टी या दस्त होने पर शरीर में पानी की कमी न होने दें। ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ लें और हल्का खाना खाएं। अगर तेज बुखार, खून वाली उल्टी या समस्या ज्यादा दिनों तक रहे तो डॉक्टर से संपर्क करें।
EDITED BY- HARLEEN KAUR




