लुधियाना के प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस में बड़ी कार्रवाई
ग्लॉक पिस्टल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

लुधियाना के सुतंतर नगर इलाके में 7 अगस्त को हुए प्रॉपर्टी डीलर हरजिंदर सिंह उर्फ हैरी झंडा मर्डर केस में पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुधियाना की चंद्रलोक कॉलोनी के रहने वाले मंजीत सिंह उर्फ बॉबी और मोहित कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक 9 mm ग्लॉक पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे सुतंतर नगर में कई हथियारबंद लोगों ने हरजिंदर सिंह पर हमला किया, जिसमें उनकी मौत हो गई। केस की जांच के दौरान AGTF को आरोपियों के ठिकानों के बारे में खुफिया जानकारी मिली, जिसके बाद उन्हें टेक्निकल सर्विलांस के जरिए ट्रैक किया गया। इंस्पेक्टर विक्रमजीत सिंह की लीडरशिप में AGTF टीम ने लुधियाना पुलिस के साथ टिब्बा इलाके में ऑपरेशन चलाया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मंजीत सिंह उर्फ बॉबी का क्रिमिनल बैकग्राउंड है और उसके खिलाफ हत्या की कोशिश और NDPS एक्ट समेत कई केस दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह लुधियाना शहर में एक लोकल गैंग भी चला रहा था।
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने कहा कि हत्या में शामिल दूसरे आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस मामले में 8 अगस्त को टिब्बा पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 182 दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
EDITED BY- HARLEEN KAUR




