टॉप न्यूज़

मोगा के लाल सिंह रोड पर किरयाना दुकान में चोरी

नकाबपोश नगदी लेकर हुए फरार

मोगा शहर में चोरी की घटनाओं को लेकर दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। लाल सिंह रोड पर शुक्रवार सुबह नकाबपोश चोरों ने एक किरयाना दुकान को निशाना बनाया और शटर तोड़कर गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी और जरूरी कागजात चोरी कर लिए। वारदात को तीन मोटरसाइकिल सवारों ने अंजाम दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना दुकान और मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, लाल सिंह रोड स्थित विक्की किरयाना स्टोर पर शुक्रवार सुबह करीब 3:45 बजे तीन नकाबपोश व्यक्ति मोटरसाइकिल पर पहुंचे। इनमें से एक आरोपी ने दुकान का शटर खींचकर तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गया, जबकि उसके दो साथी बाहर खड़े होकर निगरानी करते रहे।

दुकान के अंदर घुसे आरोपी ने गल्ले में रखी शाम की बिक्री की करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी और जरूरी कागजात चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

दुकान के मालिक एवं वार्ड नंबर 17 के पार्षद विक्रम सिंह ने बताया कि घटना के समय उनका परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान बाहर कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उन्होंने उठकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, जिसमें दुकान का शटर आधा खुला दिखाई दिया।

जब वह बाहर निकले तो देखा कि शटर पर ताले लगे हुए थे, लेकिन चोरों ने शटर को खींचकर तोड़ दिया था। इसके बाद चोरी की घटना का पता चला।

विक्रम सिंह ने बताया कि किरयाना दुकान के साथ ही एक कॉमन सर्विस सेंटर भी है। चोरों ने वहां रखी रकम को हाथ नहीं लगाया और केवल किरयाना दुकान के गल्ले से नकदी और जरूरी कागजात चोरी किए।

तीनों आरोपियों के चेहरे ढके हुए थे, जिस कारण उनकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल है। हालांकि, दुकान और मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने में मदद मिल सकती है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस की विभिन्न टीमें सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं, ताकि तीनों नकाबपोश आरोपियों की पहचान की जा सके।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!