
हर साल की तरह इस बार भी सिद्ध बाबा सोडल जी का प्रसिद्ध मेला 25 सितंबर को बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मेले को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। वहीं, मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने भी पुख्ता इंतजाम किए हैं।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी जसरूप बाठ ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के साथ-साथ अन्य जिलों से भी करीब 1500 पुलिस मुलाजिम तैनात किए जाएंगे। इनमें करीब 30 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और सभी थाना प्रभारी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
डीसीपी ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए विभिन्न स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा इस बार ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध या शरारती तत्व पर तुरंत नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस हेल्पलाइन और ट्रैफिक व्यवस्था से संबंधित अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे।
डीसीपी जसरूप बाठ ने हुड़दंग करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि मेले में पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। CCTV और ड्रोन के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति हुड़दंग या शरारत करता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



