टॉप न्यूज़

फरीदाबाद की 113 वर्षीय सबसे बुजुर्ग वोटर Chandri Devi का हुआ निधन

हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक प्रेरणादायक और भावुक करने वाली खबर सामने आई है। आपको बता दें कि जिले की सबसे उम्रदराज मतदाता चंद्री देवी का गुरुवार को निधन हो गया। 113 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली। खास बात यह है कि उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में घर से ही मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था को फिर एक बार साबित किया था।

फरीदाबाद प्रशासन के रिकॉर्ड के अनुसार, चंद्री देवी जिले की सबसे उम्रदराज वोटर थीं। वह हर चुनाव में अपना वोट डालने जाती थीं और युवाओं के लिए एक मिसाल थीं। चंद्री देवी का मानना था कि मतदान एक जिम्मेदारी है और इसे पूरी श्रद्धा से निभाना चाहिए। पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने एक चुनावी गीत भी सुनाया था और बताया था कि पुराने समय में लोग गीत गाकर वोट डालने जाया करते थे।

चंद्री देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके दो बेटे – सुखबीर तेवतिया (72) और राजबीर तेवतिया (69), चार बेटियां – मोहनदेई, लीलावती, शकुंतला और ओमवती हैं। बता दें कि दोनों बेटे जमींदार हैं। उनके पोते नवीन तेवतिया और सोनू तेवतिया की भी शादी हो चुकी है और उनके बच्चे भी हैं। उनके पति मुख्तयार सिंह का निधन वर्ष 1997 में हुआ था।

बड़े बेटे सुखबीर तेवतिया ने बताया कि उनकी मां शांत स्वभाव की थीं। पूजा-पाठ और दान करना उनके दैनिक जीवन का हिस्सा था। वह पूरे परिवार को एक सूत्र में बांधे रखती थीं और हर सदस्य की बात ध्यान से सुनती और समझाती थीं।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!