6365 तीर्थयात्रियों का नया जत्था कश्मीर के लिए रवाना
अब तक 2.73 लाख से ज्यादा लोगों ने किए पवित्र गुफा के दर्शन

अमरनाथ यात्रा सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। पिछले 16 दिनों में लगभग 2.73 लाख से अधिक तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा, शनिवार को 6,365 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था जम्मू से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 3 जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से 2.73 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्री पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
अधिकारियों के अनुसार, 6,365 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था दो सुरक्षा काफिलों में जम्मू के कैनाल रोड स्थित भगवती नगर यात्री निवास से घाटी के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पहला जत्था सुरक्षा काफिले के साथ रवाना हुआ, जिसमें 92 वाहनों में 2,851 तीर्थयात्री बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही, दुसरे काफिले में 119 वाहनों में 3,514 तीर्थयात्री पहलगाम आधार शिविर के लिए रवाना हुए।
सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और स्थानीय पुलिस की मौजूदा संख्या को बढ़ाने के लिए 180 अतिरिक्त सीएपीएफ कंपनियां तैनात की गई हैं। जम्मू में भगवती नगर यात्री निवास से गुफा मंदिर तक का पूरा मार्ग और दोनों आधार शिविरों के रास्ते में पड़ने वाले सभी पारगमन शिविरों की सुरक्षा, सुरक्षा बलों द्वारा की जा रही है।
अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी और 38 दिन बाद 9 अगस्त को, जो श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन का दिन है, समाप्त होगी। श्री अमरनाथ यात्रा तीर्थयात्रियों के लिए सबसे पवित्र धार्मिक तीर्थयात्राओं में से एक है, क्योंकि किंवदंती है कि भगवान शिव ने इसी गुफा में माता पार्वती को शाश्वत जीवन और अमरता के रहस्यों का ज्ञान दिया था।


