
दिल्ली के दो बड़े स्कूलों चाणक्यपुरी स्थित नेवी स्कूल और द्वारका के CRPF पब्लिक स्कूल को सोमवार सुबह बम की धमकी वाला ईमेल मिला। इस ईमेल में लिखा था कि स्कूल परिसर में बम रखा गया है। जैसे ही यह जानकारी मिली, स्कूल प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट हो गए।
दिल्ली पुलिस ने दोनों स्कूलों को खाली कराया और बच्चों को सुरक्षित जगह भेज दिया गया। बम निरोधक दस्ते (बम डिस्पोजल स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस ने स्कूलों की अच्छे से तलाशी ली। राहत की बात यह रही कि तलाशी के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला।
द्वारका पुलिस को 14 जुलाई की सुबह एक पीसीआर कॉल के जरिए जानकारी मिली कि CRPF स्कूल को बम की धमकी दी गई है। इसके बाद बम निरोधक टीम और पुलिस तुरंत स्कूल पहुंची और पूरे इलाके में जांच की गई। फिलहाल साइबर पुलिस ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी है। साथ ही स्कूल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
यह कोई पहली बार नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को बम की धमकी मिली हो। मई 2024 में दिल्ली-NCR के करीब 100 स्कूलों को ऐसे ही धमकी भरे ईमेल मिले थे, जो बाद में फर्जी निकले। 9 दिसंबर 2024 को भी 40 से ज्यादा स्कूलों को बम की धमकी मिली थी, लेकिन जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला।
दिल्ली पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच जारी है कि ये धमकी किसने और क्यों दी। फिलहाल छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और अब तक की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस की जांच जारी है।




