टॉप न्यूज़

पंजाब में दो दिन तक भारी बारिश की चेतावनी

इन 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

पंजाब में मौसम ने करवट ले ली है और राज्य में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 21 और 22 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज़ बारिश हो सकती है। इसके चलते राज्य के पांच ज़िलों रूपनगर, शहीद भगत सिंह नगर, होशियारपुर, गुरदासपुर और पठानकोट में ऑरेंज फ़्लैश अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार, राज्य के कुल 12 ज़िलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। विशेष रूप से होशियारपुर, पठानकोट, नवांशहर, मोहाली, रूपनगर और फतेहगढ़ साहिब जैसे ज़िलों में 12 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश की संभावना है, जिसे ‘भारी बारिश’ की श्रेणी में रखा जाता है।

इस बीच, मोहाली और आस-पास के इलाकों में सोमवार सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। अन्य जिलों जैसे अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और गुरदासपुर में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि शेष इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह गिरावट मौसम परिवर्तन का सामान्य संकेत है। सबसे अधिक तापमान पटियाला और बठिंडा में 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, लुधियाना में तापमान 35, अमृतसर में 34.2 और पठानकोट में 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को अगले दो दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां भारी बारिश की चेतावनी है। प्रशासन को भी तैयार रहने को कहा गया है ताकि किसी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!