
फरीदाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र के नीलम-बाटा रोड पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर गुरुवार रात युवक को बेरहमी से पीटने की घटना सामने आई। दिल्ली के 17 वर्षीय युवक निशान जाम और उसका दोस्त एनआईटी फरीदाबाद काम के सिलसिले में गए थे। वे टूल मार्केट में अपना जनरेटर ठीक करवा कर घर लौट रहे थे। रास्ते में प्यास लगने पर वे एचपी पेट्रोल पंप पर रुके और पानी पीने लगे।इस दौरान, निशान ने अपने पैरों पर भी पानी डाल लिया। इससे पंप के एक कर्मचारी को गुस्सा आ गया और उसने निशान को उल्टा-सीधा बोलना शुरू कर दिया।
बात बढ़ने पर पंप के 5-6 कर्मचारियों ने मिलकर निशान को बेरहमी से थप्पड़ मारे। निशान के दोस्त शेखर और वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया और किसी तरह निशान को बचाया।
निशान के दोस्त शेखर ने कहा कि दोनों दिल्ली से काम के सिलसिले में एनआईटी आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि निशान नाबालिग है और कर्मचारियों ने बिना वजह उसे मारा-पीटा। अगर कोई गलती थी तो कर्मचारियों को उसे समझाना चाहिए था, न कि गाली-गलौज और हाथापाई करनी चाहिए थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले जाकर पूछताछ की। बाद में निशान ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के खिलाफ औपचारिक शिकायत दी है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर पेट्रोल पंपों पर कर्मचारियों के आक्रामक व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
EDITED BY- HARLEEN KAUR



