
जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी धाम के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बता दें कि 26 अगस्त को हुए भीषण भूस्खलन के बाद बंद की गई माता वैष्णो देवी यात्रा को बुधवार, 17 सितंबर 2025 से दोबारा शुरू कर दिया गया है।
श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से जुड़ी जानकारी सिर्फ आधिकारिक स्रोतों से ही प्राप्त करें और किसी भी अफ़वाह पर ध्यान न दें। यात्रा पर जाने के लिए भक्त आधिकारिक वेबसाइट maavaishnodevi.org पर अपनी बुकिंग कर सकते हैं। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर मौसम बिगड़ा या भारी बारिश हुई तो सुरक्षा कारणों से यात्रा दोबारा रोकनी पड़ सकती है।
गौरतलब है कि 26 अगस्त को हुए इस भूस्खलन में 34 लोगों की मौत हो गई थी और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। सुरक्षा और मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद 14 सितंबर से यात्रा शुरू करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन लगातार खराब मौसम के कारण उस समय फैसला टालना पड़ा। लगभग 22 दिनों के बाद आज फिर से श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर सकेंगे।
EDITED BY- HARLEEN KAUR




