इलायची से पाएं ठंडक, गले और मुंह की समस्याओं में राहत

गगर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है और बढ़ते तापमान के साथ पेट, गले और मुंह की कई छोटी-बड़ी समस्याएं आम हो गई हैं। गर्मियों में प्राकृतिक और घरेलू उपाय अपनाकर सेहतमंद रहा जा सकता है। ऐसे में भारतीय रसोईघरों में उपलब्ध छोटी सी इलायची सेहत के लिए रामबाण साबित हो सकती है।
आयुर्वेद में इलायची को औषधीय गुणों का खजाना माना जाता है। यह न सिर्फ खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाती है, बल्कि गर्मी से होने वाली परेशानियों से भी राहत दिलाती है।
मुंह के छालों की समस्या भी गर्मियों में बढ़ जाती है। इलायची को मिश्री के साथ मिलाकर चबाने से छालों में जलन और दर्द कम होता है व छाले जल्दी ठीक हो जाते हैं। इलायची हिचकी रोकने में भी बहुत कारगर है। अगर हिचकी बार-बार आ रही हो तो एक इलायची चबाएं या इसका पाउडर पानी के साथ लें। हिचकी तुरंत बंद हो जाएगी। इसके अलावा इलायची मुंह के संक्रमण और बैक्टीरिया को भी दूर करती है। रोज भोजन के बाद एक इलायची चबाने की आदत डालें तो मुंह से दुर्गंध नहीं आएगी।
इलायची का सेवन कई आसान तरीकों से किया जा सकता है। इसे चाय में डालकर, दूध में उबालकर या सीधे चबाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। गर्मियों में इलायची वाली चाय या दूध पीना शरीर को ठंडक पहुंचाता है और पाचन तंत्र को मजबूत रखने के साथ ही तनाव को भी दूर करता है
गर्मी के मौसम में रोजाना 1-2 इलायची का सेवन जरूर करें। यह छोटी-सी आदत पेट, गला और मुंह की कई परेशानियों को जड़ से दूर रख सकती है, हालांकि गंभीर समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।
EDITED BY- HARLEEN KAUR




