
भीषण गर्मी के मौसम में शरीर से पसीना अधिक निकलता है, जिससे पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सही समय पर और सही मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी हो जाता है। लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि दिनभर में कितनी बार पानी पीना चाहिए और कितना पानी पर्याप्त है। तो आइए ख़बर में जानते हैं-
शरीर खुद देता है पानी की जरूरत का संकेत
विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर प्यास के जरिए संकेत देता है कि उसे पानी की जरूरत है। अगर होंठ या गला सूखने लगे, या पेशाब का रंग गहरा पीला हो जाए, तो यह साफ संकेत है कि शरीर में पानी की कमी हो रही है। ऐसे में देरी किए बिना पानी पी लेना चाहिए।
हर व्यक्ति के लिए पानी की जरूरत अलग
पानी की मात्रा हर व्यक्ति की जीवनशैली, उम्र और शारीरिक गतिविधि पर निर्भर करती है। जो लोग दिनभर ज्यादा मेहनत या बाहर धूप में काम करते हैं, उन्हें सामान्य लोगों की तुलना में अधिक पानी की आवश्यकता होती है। वहीं, एयर कंडीशनर वाले वातावरण में रहने वालों को अपेक्षाकृत कम पानी की जरूरत हो सकती है।
गर्मी में कब-कब पानी पीना सही है?
भीषण गर्मी में पानी पीने का कोई सख्त समय तो नहीं है, लेकिन कुछ आदतें शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती हैं। जैसे-
–घर से बाहर निकलने से पहले एक गिलास पानी पीना
–व्यायाम या जिम से पहले और दौरान थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहना
–खाने से लगभग 30 मिनट पहले और बाद में पानी लेना
–लंबे समय तक प्यास न लगने का इंतजार न करना, हर 1–2 घंटे में थोड़ा पानी पीना
–एक बार में बहुत अधिक पानी पीने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके पानी पीना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
EDITED BY- HARLEEN KAUR


