दिनभर में कितना पानी पीना सही?

गर्मी का असर बढ़ने के साथ ही हेल्थ एक्सपर्ट लोगों को पर्याप्त पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी हो गया है। लेकिन आज भी ज्यादातर लोग इस सवाल में उलझे रहते हैं कि आखिर एक दिन में कितना पानी पीना सही रहता है। विशेषज्ञों की मानें तो रोजाना 8 गिलास पानी वाला नियम पूरी तरह सटीक नहीं है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि पानी की जरूरत हर व्यक्ति के लिए अलग-अलग होती है। यह कई चीजों पर निर्भर करती है जैसे मौसम, शारीरिक गतिविधि, उम्र, वजन और खान-पान की आदतें।
ये है पानी पीने का सही तरीका
विशेषज्ञों के मुताबिक एक स्वस्थ व्यक्ति को दिनभर में कुल 2.7 से 3.7 लीटर तक तरल पदार्थों की जरूरत हो सकती है। इसमें पानी के साथ-साथ अन्य पेय और भोजन से मिलने वाला तरल भी शामिल होता है। आमतौर पर 1.5 से 2 लीटर के बीच पानी पीना पर्याप्त माना जाता है, हालांकि पुरुषों को महिलाओं की तुलना में थोड़ा अधिक पानी की आवश्यकता हो सकती है।
इन स्थितियों में बढ़ जाती है पानी की आवश्यकता
विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि शरीर खुद भी संकेत देता है कि उसे कितने पानी की जरूरत है। अगर पेशाब का रंग हल्का पीला है, दिनभर ऊर्जा बनी रहती है और बार-बार प्यास नहीं लगती तो यह अच्छे हाइड्रेशन के संकेत हैं। वहीं गर्मी, व्यायाम, अधिक नमक वाला भोजन या बीमारी की स्थिति में पानी की जरूरत बढ़ जाती है।
कम पानी पीने के नुक्सान
पानी को शरीर के लिए जीवनदायक माना जाता है। यह शरीर का तापमान संतुलित रखने, पाचन तंत्र को बेहतर बनाने, त्वचा को स्वस्थ रखने और जोड़ों को लचीला बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। पर्याप्त पानी न पीने से सिरदर्द, कब्ज, थकान और ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
थोड़ा-थोड़ा करके पीना सही
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि पानी एक साथ ज्यादा मात्रा में पीने के बजाय दिनभर थोड़ा-थोड़ा करके पीना चाहिए। सुबह उठते ही एक गिलास पानी पीना फायदेमंद होता है। घर से बाहर जाने से पहले और लौटने के बाद पानी जरूर पिएं। चाय, कॉफी या जूस को पानी का पूरा विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।गर्मियों में प्यास लगने का इंतजार करना सही नहीं है। नियमित अंतराल पर पानी पीते रहना जरूरी है। हालांकि, जिन लोगों को किडनी या दिल से जुड़ी समस्याएं हैं, उन्हें अपनी पानी की मात्रा डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही तय करनी चाहिए।



