अभिनेत्री रवीना टंडन की मां के 25 लाख के गहने और महंगी घड़ियां चोरी

अभिनेत्री रवीना टंडन की मां के घर से करीब 25 लाख रुपए के गहने और महंगी घड़ियां चोरी होने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी महिला कई सालों से परिवार के संपर्क में थी, और उसने धीरे-धीरे परिवार का विश्वास जीतकर इस वारदात को अंजाम दिया। मुंबई पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार की गई महिला का नाम राशि छाबड़िया है और उसकी उम्र 47 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि राशि साल 2020 से टंडन परिवार के संपर्क में थी। वह अभिनेत्री की मां वीणा टंडन की देखभाल के लिए घर आती-जाती थी, जिसके चलते वह परिवार के भरोसेमंद लोगों में शामिल हो चुकी थी। वह खाना बनाने से लेकर वीणा टंडन की देखभाल तक सभी काम करती थी।
भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने कथित तौर पर घर में रखे कीमती सामान पर नजर रखी और मौका पाकर गहनों के साथ 2 महंगी घड़ियां भी चुरा ली। पुलिस ने जब राशि से पूछताछ की तो उसने चोरी की गई महंगी घड़ियां वापस कर दी और साथ ही बताया कि बाकी गहने उसने जगदीश नाम के एक व्यक्ति को दे दिए हैं और उन्हें भी वह जल्द लौटा देगी।




