Uncategorized

गर्मी में दिनभर धूप में करते हैं काम?

इन टिप्स से रखें खुद का ख्याल

गर्मी का मौसम अपने साथ तेज धूप, बढ़ता तापमान और उमस लेकर आता है, जो न सिर्फ हमारी दिनचर्या को प्रभावित करता है बल्कि सेहत पर भी गहरा असर डालता है। जून के महीने में पारा 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, तो सामान्य जीवन काफी कठिन हो जाता है। खासकर वे लोग जो दिनभर बाहर काम करते हैं जैसे मजदूर, किसान, ट्रैफिक पुलिस और डिलीवरी कर्मी उनके लिए यह मौसम और भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण साबित होता है। लगातार धूप और गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से शरीर में पानी की कमी, थकान, सिरदर्द और चक्कर जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं, और कई बार यह स्थिति गंभीर होकर हीट स्ट्रोक का रूप भी ले सकती है। इसलिए गर्मी के मौसम में सावधानी और सही देखभाल अपनाना बेहद जरूरी हो जाता है। तो आइए जानते हैं-

शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी

गर्मी में सबसे अहम बात शरीर में पानी की कमी न होने देना है। घर से निकलने से पहले पर्याप्त पानी पीना चाहिए और दिनभर थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी लेते रहना चाहिए, केवल प्यास लगने का इंतजार नहीं करना चाहिए।

इसके अलावा नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ और हल्के घरेलू पेय शरीर को ठंडक देने में मदद करते हैं। हल्के रंग और ढीले कपड़े पहनने से भी शरीर को राहत मिलती है और गर्मी कम महसूस होती है।

घर लौटते समय रखें ये सावधानी

काम से लौटकर तुरंत एसी या पंखे के सामने बैठना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। बेहतर है कि पहले कुछ देर शरीर को सामान्य होने दिया जाए। इसके बाद ही चेहरे और हाथ-पैरों को सामान्य या हल्के ठंडे पानी से धोएं। तुरंत बहुत ठंडा पानी पीने से भी बचना चाहिए। दिनभर की थकान दूर करने के लिए मौसमी फल जैसे तरबूज, खरबूजा, खीरा और संतरा फायदेमंद होते हैं, क्योंकि इनमें पानी की मात्रा अधिक होती है और ये शरीर को ऊर्जा भी देते हैं।

लापरवाही पड़ सकती है भारी

अगर धूप में काम करते समय सिर दर्द, अत्यधिक पसीना, कमजोरी, चक्कर या उलझन जैसी समस्याएं महसूस हों, तो इन्हें सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये हीट स्ट्रोक के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत छांव में जाकर आराम करना और पानी पीना जरूरी है। समय रहते सावधानी बरतने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!