
गुरु नानक मिशन चौक पर मोड़ काटने के दौरान पेट्रोल से भरे टैंकर और वेन्यू कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित बच गए। घटना के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
टैंकर चालक सरबजीत सिंह ने बताया कि वह डिवाइडर के साथ अपनी दिशा में जा रहा था और बठिंडा से पेट्रोल लोड करके आ रहा था। इसी दौरान वेन्यू चालक ने टैंकर में टक्कर मार दी। चालक ने घटना की वीडियो भी पुलिस को दिखाने की बात कही और दावा किया कि हादसा दूसरे वाहन चालक की गलती से हुआ।
वहीं वेन्यू कार सवार बलदेव सिंह खालसा ने आरोप लगाया कि टैंकर चालक ने अचानक कट मारा, जिससे उनकी गाड़ी घूम गई और टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि वह मकसूदां से बच्चों को बस स्टैंड छोड़ने जा रहे थे और अपनी सही दिशा में चल रहे थे। हादसे में गाड़ी का पिछला दरवाजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कार सवार सुरताज जीत कौर ने बताया कि हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें उनके माता-पिता भी शामिल थे। उन्होंने भी टैंकर चालक पर कट मारने का आरोप लगाया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई और बड़ा जानी नुकसान टल गया।
कांस्टेबल सुखविंदर सिंह ने बताया कि टैंकर और वेन्यू कार की टक्कर हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों वाहन मोड़ काटते समय आपस में टकराए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आईओ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच करेंगे। जांच के बाद ही हादसे के सही कारण और गलती किसकी थी, यह स्पष्ट हो सकेगा।




