मुंह में छाले होने पर कान में क्यों होने लगता है दर्द?
जानिए दोनों के बीच क्या है कनेक्शन

मुंह में छाला होना भले ही छोटी समस्या लगे, लेकिन इसके कारण खाने-पीने और बोलने में काफी दर्द हो सकता है। कई बार मुंह के छाले के साथ कान में भी दर्द महसूस होने लगता है। ऐसे में लोगों को लगता है कि शायद कान में इंफेक्शन है, लेकिन हर बार इसकी वजह कान की समस्या नहीं होती। कई बार मुंह में होने वाली परेशानी का दर्द कान तक महसूस होता है। खासकर जीभ के पीछे, मुंह के पिछले हिस्से या गले के पास छाला होने पर कान में दर्द जैसा एहसास हो सकता है।
मुंह, गले और कान के आसपास की नसें आपस में जुड़ी होती हैं। यही वजह है कि मुंह में छाला, सूजन या जलन होने पर दर्द का संकेत आसपास के हिस्सों तक भी पहुंच सकता है। इस स्थिति में दर्द उस जगह महसूस होता है जहां वास्तव में समस्या नहीं होती। मेडिकल भाषा में इसे ‘रेफर्ड पेन’ कहा जाता है। इसलिए मुंह में छाले के साथ कान में दर्द होना हमेशा कान में किसी बीमारी का संकेत नहीं होता।
अगर छाले के साथ कान में दर्द हो रहा है, तो यह देखना जरूरी है कि दर्द कब शुरू हुआ और कितना है। अगर छाला ठीक होने के साथ कान का दर्द भी धीरे-धीरे कम हो रहा है, तो दोनों समस्याओं के बीच संबंध हो सकता है। लेकिन अगर कान का दर्द लगातार बना हुआ है, बढ़ रहा है या छाला ठीक होने के बाद भी दर्द रहता है, तो इसे केवल मुंह के छाले की वजह मानना सही नहीं होगा।
कान में दर्द कई दूसरी वजहों से भी हो सकता है। कान का इंफेक्शन, दांतों की समस्या, मसूड़ों में सूजन या गले से जुड़ी परेशानी का दर्द भी कान तक पहुंच सकता है। अगर कान दर्द के साथ दांत में तेज दर्द या निगलने में परेशानी हो रही है, तो समस्या मुंह या गले से जुड़ी हो सकती है। वहीं कान से पानी या पस निकलना, सुनने में कमी, बुखार या कान के आसपास सूजन जैसे लक्षण कान में इंफेक्शन या अन्य समस्या का संकेत हो सकते हैं।
छाले के दौरान खान-पान में थोड़ी सावधानी बरतने से दर्द और जलन को कम किया जा सकता है। इस दौरान बहुत तीखा, खट्टा, नमकीन और गर्म खाना खाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे छाले में जलन बढ़ सकती है। इसके बजाय नरम और आसानी से निगलने वाला खाना खाएं। ठंडे या सामान्य तापमान वाले पेय पदार्थ भी राहत दे सकते हैं। साथ ही दांतों की सफाई के लिए मुलायम ब्रश का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है।
छाले से राहत पाने के लिए घर पर गुनगुने पानी में नमक मिलाकर कुल्ला किया जा सकता है। इसके लिए एक गिलास गुनगुने पानी में आधा चम्मच नमक डालें और पानी को कुछ देर मुंह में घुमाकर कुल्ला करें, फिर उसे बाहर निकाल दें। इससे छाले के कारण होने वाली जलन और परेशानी में राहत मिल सकती है। अगर छाले बार-बार हों, लंबे समय तक ठीक न हों या उनके साथ कान का दर्द लगातार बना रहे, तो डॉक्टर या डेंटिस्ट से सलाह लेना बेहतर है।




