टॉप न्यूज़

कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मंडी किल्लियांवाली में धान की सरकारी खरीद करवाई शुरू

पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मंडी किल्लियांवाली में धान की  सरकारी खरीद की शुरुआत करवाई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसानों की फसल की खरीद के समय किसी भी तरह की कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने किसानों से मंडियों में सूखा धान लाने की अपील भी की, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।

कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने अनाज मंडी किल्लियांवाली में किसानों द्वारा लाई गई धान की फसल की सरकारी खरीद शुरू करवाई। धान की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से की गई। इस मौके पर मंत्री ने किसानों का मुंह मीठा करवाकर खरीद सीजन की शुरुआत की। मंडी में पहले दिन लगभग 200 क्विंटल धान पहुंचा, जिसमें से 100 क्विंटल धान की खरीद की गई।

मंत्री खुड्डियां ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसान उनके भाई हैं और उनकी मेहनत की कमाई का पूरा मूल्य मिलना चाहिए। धान की खरीद के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने धान खरीद सीजन के लिए मंडियों में उचित व्यवस्थाएं की हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों, मजदूरों और आढ़तियों को खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि खरीद व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए किसानों का सहयोग जरूरी है, ताकि सभी किसानों की फसल समय पर खरीदी जा सके और उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।

मंडी किल्लियांवाली में धान की सरकारी खरीद शुरू होने के अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरबाज सिंह वणवाला, डीएमओ अजयपाल सिंह बराड़, मार्केट कमेटी के सचिव अमनदीप सिंह कंग, चेयरमैन दर्शन लंबी, एएफएसओ रुपिंदर धालीवाल, मंडी सुपरवाइजर गगनदीप सिंह, चीमन बादल और चेयरमैन हिमांशु बंसल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में आढ़तियों और किसानों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!