
दिवाली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए मोगा पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहार के मद्देनजर बाजारों में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधिकारी सरदारां सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ शहर के विभिन्न बाजारों में गश्त करते नजर आए। इस दौरान पुलिस टीम ने लोगों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया।
गश्त के दौरान पुलिस कर्मचारियों ने बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों, विशेषकर महिलाओं को रोककर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को सलाह दी कि बाजारों में खरीदारी करते समय अपने मोबाइल फोन, पर्स और बच्चों का विशेष ध्यान रखें। भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और अपने कीमती सामान को सुरक्षित रखें, ताकि कोई शरारती तत्व चोरी या झपटमारी जैसी वारदात को अंजाम न दे सके।
इसके अलावा पुलिस पार्टी ने बाजारों में रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले दुकानदारों और कारोबारियों को भी सुरक्षा संबंधी हिदायतें दीं। उन्हें अपने पास रखे नकदी और सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में मौजूद लोगों से अपील की कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि त्योहार के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।
EDITED BY- HARLEEN KAUR




