
एशियाई बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी के चलते सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 170.66 अंक गिरकर 83,262.23 के स्तर पर आ गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 53.75 अंक टूटकर 25,407.25 पर कारोबार करता दिखा।
अमेरिका और भारत के बीच व्यापार संबंधों में बढ़ती अनिश्चितता ने निवेशकों की धारणा पर असर डाला है। अमेरिका द्वारा भारत समेत कई देशों पर लगाए गए शुल्क की 90 दिन की अस्थायी छूट 9 जुलाई को समाप्त हो रही है, जिससे निवेशकों में चिंता देखी जा रही है। इसके अलावा, भारत से अमेरिका को भेजे जाने वाले उत्पादों पर 26 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की आशंका भी बाजार को प्रभावित कर रही है।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक और सन फार्मा जैसे प्रमुख शेयरों में गिरावट देखने को मिली। दूसरी ओर, ट्रेंट, एशियन पेंट्स, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में कुछ बढ़त दर्ज की गई।
जापान का निक्की 225, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी कुछ बढ़त के साथ बंद हुआ। अमेरिकी बाजारों ने हालांकि शुक्रवार को सकारात्मक प्रदर्शन किया था।
इस बीच, कच्चे तेल की कीमतों में भी नरमी देखी गई। ब्रेंट क्रूड 0.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67.87 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने भी बीते शुक्रवार को 760.11 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की, जिससे घरेलू बाजारों पर और दबाव बना।




