टॉप न्यूज़

पंजाब के कई जिलों में हालात बेकाबू

घर छोड़ने को मजबूर हुए लोग

पंजाब के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। खासकर अमृतसर, कपूरथला, होशियारपुर, फिरोजपुर और गुरदासपुर ज़िलों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं। प्रशासन ने 16 अगस्त तक यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

सुबह से शुरू हुई तेज़ बारिश ने जालंधर, लुधियाना और पटियाला जैसे बड़े शहरों में भी जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। कई कॉलोनियां और बाज़ार पानी में डूबे हुए हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।

बुधवार को पौंग डैम का जलस्तर 1650 फीट तक पहुंच गया, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डैम के फ्लड गेट खोलने पड़े। डैम से लगभग 57,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे ब्यास नदी का जलस्तर तेज़ी से बढ़ गया और वह खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी।

सबसे ज्यादा नुकसान कपूरथला जिले के गांवों में देखने को मिला है, जहां धुस्सी बांध टूटने के बाद भैंणी कादर और महिवाल सहित 16 गांवों में पानी घुस गया। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

राज्य प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं। नावों और ट्रैक्टर्स की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है और मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ है।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!