
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजधानी के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए बहुमंजिला फ्लैट्स का उद्घाटन किया। इस परियोजना के अंतर्गत 184 टाइप-7 फ्लैट्स का निर्माण किया गया है, जिन्हें विशेष रूप से सांसदों की कार्यात्मक और निजी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है। उद्घाटन समारोह सुबह 10 बजे आयोजित हुआ, जिसमें पीएम मोदी ने एक सिंदूर का पौधा लगाकर हरित पहल की शुरुआत की।
इस नई परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी हरित और टिकाऊ संरचना है। प्रत्येक फ्लैट करीब 5,000 वर्ग फुट के विशाल कार्पेट एरिया के साथ तैयार किया गया है, जो न सिर्फ रहने के लिए, बल्कि ऑफिस और स्टाफ की जगह के लिए भी उपयुक्त है। यह परियोजना जीआरआईएचए 3-स्टार रेटिंग मानकों के अनुसार विकसित की गई है और राष्ट्रीय भवन संहिता (NBC) 2016 का पूरा अनुपालन करती है।
पिछले कुछ वर्षों में संसद सदस्यों को आवास की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना शुरू की गई। सीमित भूमि उपलब्धता को देखते हुए, ऊर्ध्वाधर आवास विकास को प्राथमिकता दी गई, जिससे कम जगह में अधिक इकाइयाँ बनाई जा सकें।
नई इमारतों को भूकंपरोधी तकनीकों के साथ निर्मित किया गया है और यह पूरी तरह से दिव्यांग अनुकूल हैं। इन भवनों में मोनोलिथिक कंक्रीट और एल्युमीनियम शटरिंग तकनीक का उपयोग कर निर्माण को मजबूती और स्थायित्व प्रदान किया गया है।
परियोजना को आत्मनिर्भर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, ऊर्जा संरक्षण प्रणाली और स्मार्ट वेस्ट मैनेजमेंट तकनीकों को अपनाया गया है। इसके माध्यम से न सिर्फ संसाधनों की बचत होगी, बल्कि लंबी अवधि में रखरखाव की लागत भी कम होगी।
EDITED BY- HARLEEN KAUR




