सेहत और सुंदरता दोनों के लिए फायदेमंद, तुलसी-अदरक का काढ़ा

असंतुलित जीवनशैली की वजह से शरीर जल्दी बीमारियों की चपेट में आ सकता है। ऐसे में सुबह की शुरुआत अगर किसी आसान और हेल्दी ड्रिंक से की जाए तो दिनभर तरोताजा महसूस किया जा सकता है।
तुलसी और अदरक से बना पेय वेलनेस रूटीन का अच्छा हिस्सा बन सकता है। इसे तैयार करना भी बेहद आसान है। रात में कुछ तुलसी के पत्ते और थोड़ा कूटा हुआ अदरक गर्म पानी में भिगो दें। सुबह इसे छानकर खाली पेट पी लें।
क्यों फायदेमंद है यह ड्रिंक?
इम्युनिटी मजबूत करता है
तुलसी में एंटीबैक्टीरियल, एंटीवायरल और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं। बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम से बचाव के लिए यह फायदेमंद माना जाता है।
तनाव कम करने में सहायक
तुलसी को आयुर्वेद में खास महत्व दिया गया है। यह शरीर में कोर्टिसोल स्तर को संतुलित रखने में मदद कर सकती है, जिससे मन शांत रहता है।
पाचन के लिए लाभकारी
अदरक में जिंजरोल नामक तत्व पाया जाता है, जो सूजन कम करने और पाचन सुधारने में सहायक है। गैस, ब्लोटिंग और अपच जैसी समस्याओं में यह राहत दे सकता है।
त्वचा के लिए उपयोगी
दोनों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने में मदद करते हैं। इससे त्वचा साफ और चमकदार दिख सकती है।
यह एक सस्ता, घरेलू और प्राकृतिक विकल्प है। हालांकि, अगर किसी को अल्सर, ज्यादा एसिडिटी की समस्या है या वे ब्लड थिनर जैसी दवाएं ले रहे हैं, तो इसे नियमित रूप से लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहेगा।




