यूपी के बलिया में एक ही घर में दो शव मिले
यूपी के बलिया में एक ही मकान से दो शव मिलने से हड़कंप मच गया। चार मंजिला मकान की तीसरी मंजिल पर रहने वाले युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि चौथी मंजिल पर एक टीन के बक्से में किन्नर का शव बरामद हुआ। किन्नर तीन दिनों से लापता थी।
गुरुवार सुबह युवक की पत्नी ने उसे फंदे से लटकता देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को पहले मामला आत्महत्या का लगा, लेकिन जांच के दौरान चौथी मंजिल पर बक्से से किन्नर का शव मिलने के बाद मामला उलझ गया।
पुलिस को घटना से एक दिन पहले का सीसीटीवी फुटेज मिला, जिसमें लापता किन्नर युवक के घर में दाखिल होती दिखाई दी थी। आखिरी लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने युवक और उसके पिता को थाने बुलाकर पूछताछ की थी। युवक की मौत के बाद पुलिस ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली।
घटना को लेकर किन्नर समाज में आक्रोश है। बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोगों ने पोस्टमॉर्टम हाउस का घेराव कर मामले के जल्द खुलासे की मांग की है। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर बैरिया थाना क्षेत्र की है।




