दूध, गन्ने का रस या सरसों तेल? जानें किस अभिषेक से पूरी होगी मनोकामना

सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए बेहद पवित्र माना जाता है। इस दौरान शिव भक्त जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर भोलेनाथ की कृपा पाने की कामना करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन में विधि-विधान से रुद्राभिषेक करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और भक्तों को सुख, शांति व मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद देते हैं।
सावन का पावन महीना 28 अगस्त 2026 तक रहेगा। इस दौरान घर या मंदिर में रुद्राभिषेक कराने का विशेष महत्व माना जाता है। हालांकि कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि भगवान शिव का अभिषेक दूध से किया जाए, गन्ने के रस से या फिर किसी अन्य द्रव्य से। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अलग-अलग इच्छाओं के लिए अलग-अलग द्रव्यों से अभिषेक करने का महत्व बताया गया है।
किस कामना के लिए किस चीज से करें रुद्राभिषेक?
संतान प्राप्ति के लिए दूध से करें अभिषेक
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, संतान सुख की इच्छा रखने वाले भक्तों को दूध से भगवान शिव का रुद्राभिषेक करना शुभ माना जाता है। दूध को पवित्रता और शीतलता का प्रतीक माना गया है।
धन-समृद्धि के लिए शहद और घी का महत्व
यदि जीवन में आर्थिक मजबूती और सुख-समृद्धि की कामना है, तो शहद और घी से रुद्राभिषेक करने की मान्यता है। इसे घर में सकारात्मकता और समृद्धि लाने वाला माना जाता है।
धन-धान्य वृद्धि के लिए गन्ने के रस से अभिषेक
गन्ने के रस से भगवान शिव का अभिषेक करने से धन-धान्य में वृद्धि होने की धार्मिक मान्यता है। इसे सुख और ऐश्वर्य से जोड़कर देखा जाता है।
नौकरी और शत्रु बाधा से मुक्ति के लिए सरसों तेल
अगर करियर में परेशानियां आ रही हैं या किसी प्रकार की बाधा का सामना करना पड़ रहा है, तो सरसों के तेल से रुद्राभिषेक करने का धार्मिक महत्व बताया गया है।
रोग मुक्ति के लिए इत्र और गंगाजल का प्रयोग
स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से राहत की कामना के लिए इत्र से अभिषेक करने की मान्यता है। वहीं, ज्वर शांति के लिए गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक शुभ माना जाता है।
भवन या वाहन की इच्छा के लिए दही से अभिषेक
घर, जमीन या वाहन खरीदने की इच्छा रखने वाले भक्तों के लिए दही से रुद्राभिषेक करना शुभ माना जाता है।
EDITED BY- HARLEEN KAUR




