यूपी

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के दो आरोपियों का हुआ एनकाउंटर

पुलिस के दो जवान भी घायल

हरियाणवीं कलाकार और गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी कार्रवाई मिली है। पुलिस के मुताबिक, हत्या में शामिल दो कथित शूटर मोहित और सुमित सोमवार तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए। यह मुठभेड़ शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे के पास खेड़ी करमू गांव में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के शामली-कैराना मार्ग के किनारे एक मकान के पास पुलिस टीम का सामना आरोपियों से हुआ। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।इस गोलीबारी में पुलिस के दो जवान घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोहित और सुमित घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मोहित और सुमित ने अंकित बालियान की हत्या से पहले कई घंटे तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखी थी। बताया गया है कि दोनों 20 अगस्त को शामली के सूर्या होटल में रुके थे। इसके बाद 20 और 21 अगस्त को उन्होंने अंकित के आने-जाने और उसकी दिनचर्या की रेकी की। होटल के सीसीटीवी कैमरों में दोनों के दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस को शक है कि होटल में रुकने के दौरान दोनों ने अंकित के मूवमेंट के बारे में जानकारी जुटाई और फिर इसी जानकारी के आधार पर हत्या की योजना को अंजाम दिया।

अंकित बालियान की हत्या बुधवार शाम करीब 6:45 बजे शामली कोतवाली क्षेत्र में हुई थी। वह जिम से निकलकर अपनी कार की ओर जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। हमले के बाद अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि अंकित बालियान को कुल पांच गोलियां लगी थीं। इनमें से दो गोलियां उनके सिर में लगी थीं। हत्या के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें लगाई थीं। यूपी एसटीएफ के साथ शामली और आसपास के जिलों की पुलिस भी हमलावरों की तलाश में जुटी थी।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!