
जालंधर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वडाला चौक के पास एक घर में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार चोरी की वारदात सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से चोरों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले उनके घर से बच्चे की साइकिल चोरी हो गई थी। इसके बाद परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के लिए संबंधित लोगों से मदद मांगी, लेकिन उन्हें फुटेज उपलब्ध नहीं करवाई गई।
अब एक बार फिर चोर घर में दाखिल हुआ और बिजली की तारें चोरी कर फरार हो गया। परिवार का आरोप है कि इलाके में चोर लगातार घरों को निशाना बना रहे हैं और एक साथ दो घरों में चोरी की वारदातें की जा रही हैं।
परिवार के मुताबिक, इससे पहले भी इलाके में तार चोरी करने के मामले में एक चोर पकड़ा गया था। तलाशी के दौरान उसके टिफिन से जला हुआ कॉपर बरामद होने की बात सामने आई थी। आरोप है कि कुछ चोर घरों में काम करने के दौरान बिजली की तारें जलाकर उनमें से कॉपर निकाल लेते हैं।
लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग और पीड़ित परिवार परेशान हैं। परिवार ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चोरी की घटनाओं की जांच करने और आरोपियों को जल्द पकड़कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
EDITED BY- HARLEEN KAUR



