टॉप न्यूज़

मोगा में डिप्टी कमिश्नर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

स्वतंत्रता दिवस-2026 को पूरे उत्साह, देशभक्ति और शान-ओ-शौकत के साथ मनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया ने आज जिले के संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक कर समारोह की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) जसपिंदर सिंह, एस.डी.एम. सतविंदर पाल रणिके तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे देश की आजादी के लिए कुर्बानियां देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए समारोह को सुव्यवस्थित और प्रभावशाली ढंग से आयोजित करने में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। समारोह के दौरान देशभक्ति की भावना को उजागर करने के साथ-साथ पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और  सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल की साफ-सफाई, सजावट, बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी, बिजली, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं।

उन्होंने संबंधित विभागों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि समारोह स्थल पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने परेड, मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति के गीतों तथा अन्य तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गुणवत्ता और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक योजना तैयार करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को समारोह के दौरान मेडिकल टीम और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। नगर निगम/स्थानीय संस्थाओं को सफाई और सैनिटेशन के विशेष प्रबंध करने की हिदायत दी गई।

सागर सेतिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी और समर्पण व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर इस राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाएं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने डिप्टी कमिश्नर को विश्वास दिलाया कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समय पर निभाया जाएगा।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!