
जालंधर शाहपुर स्थित सीटी इंस्टीट्यूट के कैंपस में छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद हंगामे की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि कैंटीन में खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में छात्रों के बीच झड़प में बदल गया। घटना के बाद कैंपस में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, कश्मीरी छात्रों ने कैंटीन में खाने को लेकर शिकायत की। कथित तौर पर खाने में टैबलेट मिलने के बाद उन्होंने कैंटीन संचालक से आपत्ति जताई। इस पर कुछ अन्य छात्रों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों छात्र गुट आमने-सामने आ गए।
सूत्रों के हवाले से दोनों पक्षों के बीच तेजधार हथियार चलने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, थाना नंबर 5 पुलिस ने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि छात्रों के बीच विवाद हुआ था, लेकिन स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
छात्रों के बीच विवाद के दौरान कैंपस में मौजूद अन्य छात्रों के बीच भी अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी प्रबंधन तक पहुंचने के बाद कॉलेज के गेट बंद कर दिए गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति को शांत कराया गया।
EDITED BY- HARLEEN KAUR




