
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर लुधियाना नगर निगम ने शहर में ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के जरिए लोगों को देशभक्ति के साथ-साथ साफ-सफाई और कचरे को सही तरीके से संभालने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार की देखरेख में चलाया जा रहा है। नगर निगम की ओर से स्कूलों, कॉलेजों और युवा क्लबों को अभियान से जोड़ा गया है।
अभियान के तहत विद्यार्थियों ने अलग-अलग जगहों पर सफाई गतिविधियों में हिस्सा लिया। छात्रों ने प्लॉगिंग ड्राइव, मानव श्रृंखला और जागरूकता रैलियां आयोजित कीं। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने अपने घर, स्कूल और आसपास के इलाकों को साफ रखने की शपथ भी ली। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ शहर बनाने के लिए लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे खुले में कूड़ा न फेंकें और गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की आदत अपनाएं। लोगों से सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील भी की गई है। यह विशेष अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा। नगर निगम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में देशभक्ति के साथ स्वच्छता का संदेश भी मजबूत करना है।


