
सुबह उठते ही चाय या कॉफी पीना बहुत लोगों की आदत होती है। लेकिन बिना कुछ खाए चाय-कॉफी पीने से कुछ लोगों को पेट की परेशानी हो सकती है। इससे गैस, एसिडिटी, पेट में जलन, खट्टी डकार और सीने में जलन जैसी समस्या बढ़ सकती है। खासकर जिन लोगों का पेट पहले से कमजोर या संवेदनशील है, उन्हें खाली पेट चाय-कॉफी पीने से ज्यादा परेशानी हो सकती है।
सुबह की शुरुआत कैसे करें?
सुबह सबसे पहले शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए सादा या गुनगुना पानी लिया जा सकता है। कुछ लोग अपनी डाइट में जीरा, धनिया और सौंफ से तैयार पानी भी शामिल करते हैं। हालांकि, किसी भी घरेलू उपाय को अपनाने से पहले यह देखना जरूरी है कि वह आपके शरीर के लिए उपयुक्त है या नहीं।
खाली पेट चाय-कॉफी से क्यों बचें?
चाय और कॉफी में कैफीन पाया जाता है। कुछ लोगों में खाली पेट कैफीन लेने से पेट में एसिड बनने की समस्या बढ़ सकती है। इसके कारण जलन, बेचैनी या एसिड रिफ्लक्स जैसी शिकायत हो सकती है। इसलिए अगर चाय या कॉफी पीने के बाद आपको बार-बार पेट की समस्या होती है, तो इसे खाली पेट लेने से बचना बेहतर है।
नाश्ते के बाद लें चाय या कॉफी
अगर आपको सुबह चाय या कॉफी पीने की आदत है तो इसे पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं है। कोशिश करें कि पहले कुछ खा लें और उसके बाद चाय या कॉफी पिएं। इससे खाली पेट कैफीन लेने की स्थिति से बचा जा सकता है।
कुछ लोग कॉफी में घी, नट बटर या नारियल तेल जैसी चीजें मिलाकर पीने की सलाह देते हैं, लेकिन यह तरीका हर व्यक्ति के लिए जरूरी या सही नहीं है। अपनी डाइट में कोई बदलाव करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर रहेगा।
गट हेल्थ के लिए खाने में शामिल करें ये चीजें
पेट और पाचन को ठीक रखने के लिए अच्छा और संतुलित खाना जरूरी है। खाने में अलसी, कद्दू के बीज, एवोकाडो और दूसरी पौष्टिक चीजें शामिल कर सकते हैं। इसके साथ पर्याप्त पानी पिएं, फाइबर वाली चीजें खाएं और रोज एक सही रूटीन फॉलो करें। इससे पाचन बेहतर रखने में मदद मिल सकती है।
किन लोगों को ज्यादा सावधानी रखनी चाहिए?
जिन लोगों को पहले से एसिडिटी, गैस, सीने में जलन या एसिड रिफ्लक्स की शिकायत रहती है, उन्हें खाली पेट चाय-कॉफी लेने से विशेष रूप से बचना चाहिए। अगर कैफीन लेने के बाद लगातार पेट में दर्द, जलन या दूसरी परेशानी होती है, तो डॉक्टर से सलाह लें।
EDITED BY- HARLEEN KAUR




