फ्रिज में भूलकर भी न रखें ये चीजें, वरना हो सकता है नुकसान

आजकल हम में से ज्यादातर लोग एक कॉमन गलती करते हैं- जो भी खाने की चीज बची या खरीदी, सीधे फ्रिज में रख दी। हमें लगता है कि फ्रिज में रखने से हर चीज ज्यादा समय तक सुरक्षित रहेगी। लेकिन असल में कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिनके लिए ठंडा तापमान ठीक नहीं होता। इससे उनका स्वाद बदल जाता है टेक्सचर खराब हो जाता है और कई बार पोषण भी कम हो जाता है।
यहां समझिए कि किन चीजों को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए और क्यों।
टमाटर
टमाटर को जब आप फ्रिज में रखते हैं तो ठंडा तापमान उनकी कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है। इसका असर सीधे उनके स्वाद पर पड़ता है। फ्रिज में रखने के बाद टमाटर अक्सर फीके और पानीदार लगने लगते हैं। उनका छिलका भी ढीला पड़ जाता है। बेहतर है कि टमाटर को रूम टेम्परेचर पर खुली टोकरी में रखें ताकि वे नेचुरली पकें और उनका स्वाद बरकरार रहे।
आलू
आलू को फ्रिज में रखने से उसमें मौजूद स्टार्च शुगर में बदलने लगता है। यही वजह है कि फ्रिज में रखे आलू कभी-कभी मीठे लगने लगते हैं। जब आप ऐसे आलू को पकाते हैं तो उसका रंग भी बदल सकता है और स्वाद भी अजीब हो सकता है। आलू को हमेशा ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखें, जैसे किचन कैबिनेट।
लहसुन
लहसुन को फ्रिज में रखने से वह जल्दी अंकुरित होने लगता है और उसका स्वाद कड़वा हो सकता है। फ्रिज की नमी लहसुन की क्वालिटी को जल्दी खराब कर देती है। इसे सूखी और हवादार जगह पर रखना सबसे बेहतर होता है।
शहद
शहद एक ऐसा पदार्थ है जिसे खराब होने से बचाने के लिए फ्रिज की जरूरत नहीं होती। फ्रिज में रखने से शहद जमने लगता है और उसमें छोटे-छोटे क्रिस्टल बन जाते हैं, जिससे उसका इस्तेमाल मुश्किल हो जाता है। इसे सामान्य तापमान पर बंद कंटेनर में रखें।
ब्रेड
कई लोग ब्रेड को फ्रिज में रखते हैं ताकि वह ज्यादा दिन चले लेकिन इससे उल्टा असर होता है। फ्रिज में रखने से ब्रेड जल्दी सूख जाती है और सख्त हो जाती है क्योंकि ठंडा तापमान उसमें मौजूद नमी को खींच लेता है। ब्रेड को कमरे के तापमान पर एयरटाइट बैग या कंटेनर में रखना ज्यादा सही है।
केला
केले को फ्रिज में रखने से उसका छिलका काला पड़ जाता है और अंदर का फल सही से नहीं पकता। ठंडा तापमान उसकी नैचुरल पकने वाली प्रक्रिया को रोक देता है जिससे स्वाद भी प्रभावित होता है। केले को हमेशा बाहर रखें खासकर तब जब वह कच्चा हो।
कॉफी
कॉफी बहुत जल्दी आसपास की गंध को सोख लेती है। फ्रिज में रखने से वह दूसरी चीजों की गंध अपने अंदर ले लेती है जिससे उसका असली स्वाद खराब हो जाता है। कॉफी को हमेशा एयरटाइट कंटेनर में सूखी जगह पर रखें।
तरबूज
पूरा तरबूज फ्रिज में रखने से उसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स कम हो सकते हैं। लेकिन अगर तरबूज कट चुका है तो उसे फ्रिज में रखना जरूरी है ताकि वह खराब न हो।



