टॉप न्यूज़

पूर्व मंत्री विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जताया शोक

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ राजनेता मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना प्रकट की।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया लंबे समय तक हिमाचल प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे। अपने राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने प्रदेश के साथ-साथ अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि मनकोटिया का लंबा राजनीतिक अनुभव हिमाचल की राजनीति की एक महत्वपूर्ण विरासत रहा है। उनके निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी राजनेता और सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण व्यक्तित्व को खो दिया है।

मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने वर्ष 1982 में पहली बार शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने 1985, 1990, 1993 और 2003 में भी शाहपुर से विधानसभा चुनाव जीता।

इस तरह उन्होंने कुल पांच बार शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और लंबे समय तक क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।

शिक्षा मंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार, परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति दें।

EDITED BY- HARLEEN KAUR

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!