
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया आज जालंधर के प्रसिद्ध बाबा मोहन दास आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राज्यपाल ने मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि हाल ही में प्रदेश के कई जिलों में हुई मूसलधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अनेक गांवों में पानी भर जाने से सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा, वहीं बड़ी संख्या में पशुधन भी बाढ़ की भेंट चढ़ गया।
कटारिया ने कहा कि इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार, केंद्र सरकार, समाजसेवी संगठन, एनजीओ और स्थानीय कलाकार एकजुट होकर राहत कार्यों में जुटे हैं। उन्होंने बाबा मोहन दास आश्रम द्वारा किए जा रहे सेवाभाव की सराहना की और बताया कि आश्रम की ओर से लगातार आवश्यक सामग्री जैसे सूखा राशन, दवाइयां, और कपड़े बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में भेजे जा रहे हैं।
राज्यपाल ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने बाढ़ से प्रभावित पंजाब के लिए 1600 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता का ऐलान किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हालात की गंभीरता को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त फंड भी जारी किए जाएंगे।



