दान करते समय भूलकर भी न करें ये गलतियां, गरुड़ पुराण में बताए गए हैं जरूरी नियम

सनातन धर्म में दान को सबसे श्रेष्ठ सत्कर्मों में से एक माना गया है। मान्यता है कि जरूरतमंद की सहायता करने से न केवल समाज का कल्याण होता है, बल्कि दान करने वाले व्यक्ति को भी आध्यात्मिक लाभ और पुण्य की प्राप्ति होती है। हालांकि धार्मिक ग्रंथ गरुड़ पुराण में स्पष्ट किया गया है कि दान का वास्तविक फल तभी मिलता है, जब उसे सही भावना, ईमानदारी और उचित तरीके से किया जाए।
दान में नीयत का होना विशेष महत्व
गरुड़ पुराण के अनुसार, दान हमेशा निस्वार्थ भाव से करना चाहिए। यदि दान केवल दिखावे, प्रसिद्धि या किसी स्वार्थ की पूर्ति के लिए किया जाता है, तो उसका धार्मिक महत्व कम हो जाता है। सच्चे मन और सेवा की भावना से किया गया दान ही श्रेष्ठ माना गया है।
बेकार या अनुपयोगी वस्तुओं का दान न करें
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ऐसी वस्तुएं जिनका स्वयं कोई उपयोग नहीं रह गया हो, उन्हें दान करना उचित नहीं माना जाता। दान वही श्रेष्ठ है जो वास्तव में किसी जरूरतमंद के काम आए और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सके।
अपनी क्षमता के अनुसार ही करें दान
गरुड़ पुराण में बताया गया है कि व्यक्ति को अपनी आर्थिक स्थिति और सामर्थ्य को ध्यान में रखकर ही दान करना चाहिए। ऐसा दान, जिससे स्वयं या परिवार आर्थिक कठिनाई में पड़ जाए, विवेकपूर्ण नहीं माना जाता।
ईमानदारी से अर्जित वस्तु का ही करें दान
धार्मिक ग्रंथों में चोरी, छल या किसी दूसरे के अधिकार की वस्तु का दान करना अनुचित बताया गया है। दान हमेशा ईमानदारी से अर्जित धन या वस्तु का ही करना चाहिए, तभी उसका शुभ फल प्राप्त होता है।
गुप्त दान को माना गया है सर्वोत्तम
गरुड़ पुराण में गुप्त दान को सबसे श्रेष्ठ बताया गया है। बिना किसी प्रचार या प्रशंसा की इच्छा के किया गया दान अधिक पुण्यदायी माना जाता है। कहा जाता है कि सच्चा दान वही है, जिसमें सेवा की भावना हो, न कि प्रसिद्धि पाने की इच्छा।



